Surya Samachar
add image

भारत के सबसे लम्बे रुट पर शुरू होने जा रही है बस सेवा, यह होंगे नियम

news-details

केलांग: भारत के सबसे बड़े और लम्बे बस रुट पर बस सेवा शुरू होने जा रही है। पहाड़ी रास्तों के बीच सफर के शौकीन सैलानियों और आम लोगों के लिए राहत भरी खबर है। हिमाचल पथ परिवहन निगम का केलांग डिपो दो जून से देश के सबसे लंबे और ऊंचाई वाली रूट लेह-दिल्ली के बीच बस का संचालन करेगा।
 
अनुमति मिलने का है इंतज़ार

निगम प्रबंधन को जिला प्रशासन से अनुमति मिलते ही लेह के लिए बस संचालन शुरू होगा। जिला प्रशासन ने एक जून से मनाली-सरचू-लेह सड़क को सभी वाहनों के खोलने की अनुमति दी है। बशर्ते, उस ओर परिस्थितियां अनुकूल रहें।
 
यह होगा किराया

लेह से दिल्ली 1,026 किलोमीटर का सफर यात्री मात्र 1,740 रुपये में कर सकेंगे। 30 घंटे की अवधि वाले इस रूट पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश व लेह लद्दाख घूमने का अवसर मिलता है।
 
30 घंटों का है सफर

मनाली-लेह सड़क पर यात्री 16,500 फीट ऊंचे बारालाचा, 15,547 फीट नकिल्ला, 17,480 फीट तंगलांगला और 16, 616 फीट ऊंचे लाचुंग दर्रे के खुबसूरत नजारों से रूबरू होंगे। पिछले वर्ष इस रूट पर सितंबर में बस सेवा बंद हो गई थी। अब दो जून से बस सेवा दोबारा शुरू होगी।
 
यूँ तय होता है सफर

लेह-दिल्ली रूट पर निगम के तीन चालक और दो परिचालक सेवाएं देंगे। लेह से चलने पर पहला चालक बस को केलांग पहुंचाता है। दूसरा केलांग से सुंदरनगर व तीसरा चालक सुंदरनगर से दिल्ली तक अपनी सेवाएं देगा। इसमें दो परिचालक सेवाएं देते हैं। पहला परिचालक लेह से केलांग तक तो दूसरा केलांग से दिल्ली तक यात्रियों के साथ रहेगा।

You can share this post!