
Haryana: हिसार में अभय चौटाला को खून का तिलक, बोले- कांग्रेस बाप-बेटे की पार्टी

Haryana: हरियाणा में चल रही इनेलो की परिवर्तन यात्रा के दौरान अभय सिंह चौटाला को खून का तिलक किया गया। इनेलो की परिवर्तन यात्रा हिसार पहुंची। जहां पर अभय चौटाला ने कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब बाप-बेटे की पार्टी बनकर रह गई। पुराने सभी कांग्रेसियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
कांग्रेस बाप-बेटे की पार्टी- अभय
इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि अब कांग्रेस अखबार की ख़बर के अलावा कुछ नहीं है। आज हर कांग्रेसी इस बात से दुखी है कि जितने भी पुराने कांग्रेसी थे, उन्हें इन बाप-बेटों ने बाहर कर दिया।बहुत सारे कांग्रेसी इस बात से डरे हुए हैं कि अगर इसी तरह से दोनों की जेब में कांग्रेस जाती रही तो उनका भविष्य खराब हो जाएगा। इसलिए लोग इनेलो में आस्था दिखा रहे हैं।
कार्यकर्ता ने किया खून का तिलक
अभय सिंह चौटाला की हिसार में चल रही परिवर्तन यात्रा में पार्टी के एक कार्यकर्ता ने अपने खून से उनका तिलक किया। जिस पर अभय ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जिस तरह का असीम स्नेह हरियाणा परिवर्तन के साथ मुझे मिल रहा है, वह अविस्मरणीय है। आज कानून की पढ़ाई कर रहे योगेश पंघाल द्वारा अपनी उंगली काटकर रक्त से तिलक कर जिस तरह स्वागत किया वह अतुलनीय है।
गठबंधन करने को तैयार- अभय सिंह चौटाला
प्रदेश में इनेलो को गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो पार्टी प्रदेश के हित के लिए भी गठबंधन करेगी। मौजूदा जेजेपी-बीजेपी सरकार ने प्रदेश को बर्बाद करने का काम किया है। किसान मजदूर से लेकर हर कोई सरकार के प्रति गुस्सा व्यक्त कर रहा है। प्रदेश में सरकार के खिलाफ जगह-जगह प्रदर्शन किया जा रहा है।