

नीलामी में 9.71 करोड़ रुपये में बिका 'कबूतर'

नई दिल्ली ( भाषा ) : नीलामी हाऊस 'पीपा' ने 'अर्मांडो' नामक कबूतर कबूतर को रिकॉर्ड 1.25 मिलियन यूरो यानी तकरीबन 9.71 करोड़ रुपये में नीलाम किया है। 'पीपा' ने इसे 'लंबी दूरी का सबसे उम्दा बेल्जियम का कबूतर' के ख़िताब से नवाज़ा है, साथ ही इस कबूतर को 'कबूतरों का लूईस हेमिल्टन' कहा जाता है।
इस नीलामी से पहले सबसे महंगा कबूतर 3.76 लाख यूरो (2.92 करोड़) में बिका था। पीपा ने कहा है कि, "यह रिकॉर्ड तभी टूट गया जब अर्मांडो का नीलामी के लिए उतारा गया।"
पीपा के सीईओ निकोलास गाएसेलब्रेख़्त ने कहा कि, "हमने सपने में भी इस दाम के बारे में कभी सोचा नहीं था। हमने आशा की थी कि यह दाम चार से पांच लाख यूरो हो सकता है और ज़्यादा से ज़्यादा छह लाख यूरो सोचा था।"
यह कबूतर इस साल पांच साल का हुआ है और अब रिटायरमेंट का आनंद ले रहा है। अर्मांडो ने अपनी आख़िरी तीन दौड़ों को इसने जीता है जिनमें 2018 की ऐस पिज़न चैंपियनशिप, 2019 की पिज़न ओलंपियाड और अंगूलेम शामिल हैं।