Surya Samachar
add image

बिना चिकन के खाते थे बटर चिकन, इस गेंदबाज की तोड़ दी थी अंगुली, धोनी को लेकर उथप्पा ने सुनाया मजेदार किस्सा

news-details

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग का मंच 31 मार्च से सजने जा रहा है। उद्घाटन मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को मैदान पर खेलते देखने के लिए फैंस बेसब्री से इतंजार कर रहे हैं। इसी बीच सीएसके के पूर्व खिलाड़ी रॉबिन उथप्पा ने माही के बारे में  दिलचस्प और मजेदार किस्सा सुनाया है। 
 
महेंद्र सिंह धोनी और रॉबिन उथप्पा कई सालों तक साथ क्रिकेट खेलें है। साल 2007 के पहले  टी20 वर्ल्ड कप में धोनी की कप्तानी में रॉबिन उथप्पा भी टीम में मौजूद थे। विजेता ट्रॉफी दोनों ने साथ मिलकर उठाई थी। इसके बाद आईपीएल में भी धोनी ने रॉबिन को अपनी चेन्नई सुपर किंग्स टीम में शामिल किया था। दोनों लंबे समय से काफी अच्छे दोस्त भी हैं। रॉबिन ने धोनी की प्रशंसा  करते हुए उन्हें एक बेहतर और सरल इंसान बताया है। साथ ही उनके बारे में  बेहद दिलचस्प और मजेदार किस्सा भी सुनाया है। 

धोनी दुनिया के सबसे सरल इंसान - उथ्प्पा

रॉबिन उथप्पा ने कहा कि एमएस धोनी दुनिया के सबसे सरल इंसान हैं। उथप्पा का मानना है कि धोनी की सादगी कुछ ऐसी है जो हमेशा से रही है और यह कुछ ऐसी है जो आज तक नहीं बदली है। उथप्पा के अनुसार धोनी आज भी उतने ही सरल हैं जितना कि वो तब थे जब उथप्पा से उनकी पहली बार मुलाकात हुई थी। 

धोनी सच बोलने से नहीं हिचकिचाते-उथप्पा

अपने साथी खिलाड़ी धोनी के बारे में बोलते हुए उथप्पा ने कहा कि, एमएस बहुत ही खुले हुए व्यक्ति हैं और वो कभी भी सच बोलने से नहीं हिचकिचाते, भले ही इससे आपको ठेस क्यों ना पहुंचे। उथप्पा ने कहा कि, मुझे याद है  जब आईपीएल की नीलामी में सीएसके ने मुझे साइन किया था तो उन्होंने मुझे फोन किया और कहा कि मुझे यकीन नहीं है कि आपको खेलने का मौका मिलेगा क्योंकि सीजन अभी दूर है और मैंने इसके बारे में नहीं सोचा है। यदि आप खेलना समाप्त करते हैं, तो मैं आपको बता दूंगा। उथप्पा ने कहा कि मैंने आईपीएल में 13 सफल वर्षों का आनंद लिया था। फिर भी उन्होंने मुझे बताया कि टीम के लिए क्या करना है और मैं अभी भी इसकी बहुत सराहना करता हूं।
 
चिकन के बिना बटर चिकन खाते थे धोनी-उथप्पा
 
इस दौरान उथप्पा ने बताया कि धोनी के खाने का शौक बहुत ही अजीब है। उन्होंने बताया कि जब हम भारतीय टीम के लिए खेल रहे थे तो हमारा एक ग्रुप था। जिसमें मैं, एमएस, सुरेश रैना, इरफान पठान, मुनाफ पटेल, और आरपी सिंह थें। हम दाल मखनी, बटर चिकन, जीरा आलू, गोबी और रोटियां ऑर्डर करते थे। लेकिन धोनी बटर चिकन खाते थे वो भी बिना चिकन के।  उथप्पा ने बताया कि जब एमएस चिकन खाते थे तो रोटियां नहीं खाते थे। 

जब गेंदबाज श्रीराम की टूट गई थी अंगुली

उथप्पा ने बताया कि धोनी ने भारत के पूर्व क्रिकेटर श्रीधरन श्रीराम को चोटिल कर दिया था। ये बात धोनी के भारतीय टीम में आने से पहले की है। श्रीराम गेंदबाजी कर रहे थे और धोनी ने बाहर निकलकर गेंद को जोर से मारा। गेंद श्रीराम के हाथ से टकराती हुई 10-20 गज पीछे चली गई। उथप्पा ने बताया कि हमें लगा कि श्रीराम गेंद के पीछे दौड़ रहे हैं, लेकिन वो गेंद के पीछे भागा और सीधे ड्रेसिंग रूम में चला गया क्योंकि उसकी दो अंगुलियां टूट गई थीं।  रॉबिन ने कहा कि मुझे उसी वक्त पता चल गया था कि धोनी के बाजुओं में कितनी ताकत है। साथ ही वो कितना विस्फोटक बल्लेबाज है। उथप्पा ने कहा कि मुझे उसी समय पता चल गया था कि ये खिलाड़ी एक दिन भारत के लिए जरूर खेलेगा।

You can share this post!