
सोनीपत के टोल नाका पर कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सैनी पर हुआ दुर्व्यवहार, पुलिस ने मामला किया दर्ज

सोनीपत: टोल नाकों पर अक्सर बदतमीजी की खबर आती रहती हैं। आज हरियाणा के कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सैनी को टोल नाके पर निशाना बनाया गया है। यह हंगामा सोनीपत के टोल नाके पर बीती रात को हुआ है।
यह है पूरा मामला
लोकसभा की कार्रवाई में हिस्सा लेकर लौट रहे कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सैनी की गाड़ी को टोल कर्मियों ने रोक लिया। उनके स्टाफ ने गाड़ी को निकालने की कोशिश की तो टोल प्लाजा का बूम गाड़ी पर गिर गया। टोल कर्मियों ने सांसद के PSO के साथ धक्का मुक्की की।
पुलिस ने मामला किया दर्ज
सांसद की गाड़ी को रोकने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद टोल पर फंसी सांसद की गाड़ी को वहां से निकाला गया। मुरथल पुलिस ने टोल मैनेजर दीदार सिंह समेत 3 कर्मियों पर धारा 186,341,353,34 के तहत मामला दर्ज किया है।
दिल्ली से कुरुक्षेत्र लोट रहे थे सैनी
कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सैनी के निजी सचिव रविकांत ने मुरथल पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सांसद नायब सैनी शुक्रवार को लोकसभा की कार्रवाई में हिस्सा लेकर रात को दिल्ली से कुरुक्षेत्र लौट रहे थे। उनके साथ निजी सचिव व अन्य स्टाफ भी था।
पहले भी हो चुके हैं मामले
पुलिस के एएसआई पवन ने बताया कि सूचना मिली थी कि भिगान टोल प्लाजा पर सांसद की गाड़ी की रोक लिया गया है। वे मौके पर पहुंचे तो पता चला कि सांसद की गाड़ी को रोक कर उनके स्टाफ के साथ बदतमीजी की गई है। पुलिस के पास पहले भी शिकायतें आती रही हैं कि टोल प्लाजा पर आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है।