
अतीक के भाई अशरफ की पत्नी को सता रहा एनकाउंटर का खौफ, बोलीं यूपी पुलिस कर सकती है साजिश

प्रयागराज: उमेश पाल हत्याकांड के बाद माफिया अतीक अहमद एक बार फिर सुर्खियां बटोर रहा है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार लगातार उसके गुर्गों पर एक्शन ले रही है। कुछ को यूपी पुलिस ने एनकाउंटर में मार गियारा, तो वहीं कुछ के अवैध घरों पर बुलडोजर चल चुका है। इसी बीच अतीक के छोटे भाई और पूर्व विधायक अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा का एक बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि उन्हें एनकाउंटर का डर सता है।
अशरफ की पत्नी को सताया एनकाउंटर का खौफ
राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की कुछ हफ्ते पहले सरेआम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में माफिया अतीक अहमद और उसके बेटों समेत पत्नी शाइस्ता परवीन का नाम सामने आ रहा है। तभी से अतीक अहमद के परिवार का आय दिन बयान सामने आ रहा है। अब उसके छोटे भाई अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा को एनकाउंटर का डर सता रहा है। फातिमा ने कहा है कि बरेली जेल में बंद मेरे पति अशरफ की जेल ट्रांसफर के बहाने यूपी पुलिस और एसटीएफ कोई भी घटना कर सकती है। फातिमा ने कहा कि उमेश पाल हत्याकांड में उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
मेरा भाई सद्दाम निर्दोष- जैनब फातिमा
अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा ने अपने भाई सद्दाम को इस मामले में निर्दोष बताया है। फातिमा ने कहा कि उसका भाई बरेली में अशरफ की देखभाल करने के लिए उनसे मिलने जाया करता था। लेकिन वो पिछले 4-5 महीने से बरेली जेल में अशरफ से मुलाकात करने नहीं गया है। उसका उमेश पाल हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है। फातिमा ने यूपी पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि, पुलिस सद्दाम और उसके दोस्तों को भी पकड़ कर ले गई है और उन्हें परेशान कर रही है। फातिमा ने ये भी कहा कि फुटेज में जिस व्यक्ति को असद बताया जा रहा है। वह भी असद नहीं है, क्योंकि असद के लंबे बाल हैं।